
सभी राज्यों में हो जातीय जनगणना : उपेंद्र कुशवाहा
पटना/डेहरी आन सोन- 05 जून। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार शाम रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में एक निजी कार्यक्रम में मीडिया से बात करते हुए कहा कि सभी राज्यों में जातीय जनगणना होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में सबकी सहमति से इसका निर्णय लिया गया है। इसमें सभी धर्म और जाति के लोगों की गणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में सहयोगी दल भाजपा समेत सभी राजनैतिक ने भी जातीय गणना का समर्थन किया है। इस मुद्दे पर उनकी पार्टी लम्बे समय से केंद्र सरकार से मांग करती रही है ।
कुशवाहा ने कहा कि पता नहीं इस मुद्दे पर भाजपा को क्यों कन्फ्यूजन में है। वे जब बिहार में सहमत है तो उन्हें देश के सभी राज्यों में जातीय जनगणना करानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से देश के सभी राज्यों में जातीय जनगणना अपने खर्चे पर कराने की मांग की है।
कुशवाहा का मिश्रवलिया जाने के दौरान स्थानीय पाली रोड में कार्यकर्ताओं ने फूल माला के साथ स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा, डॉ निर्मल कुशवाहा, पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम, भाजपा नेता अजय सिंह, शशि भूषण प्रसाद, जदयू नेता रिंकू सिंह, कपिल कुमार, बिंदा चंद्रवंशी, बनारसी कुशवाहा, राम परीखा सिंह आदि शामिल रहे।



