
व्यापारी से धोखाधड़ी कर 22 लाख से अधिक की सरसों ले जाने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार
राजगढ़- 04 मई। शहर ब्यावरा थाना पुलिस ने व्यापारी से धोखाधड़ी कर 301 क्विंटल सरसों लदा ट्रक लेकर गायब होने वाले ट्रक चालक को राजस्थान के जिला झालावाड़ के अकलेरा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 22 लाख 26 हजार 572 रुपये की सरसों और तीस लाख रुपये का ट्रक बरामद किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
ब्यावरा एसडीओपी नेहा गौर ने बुधवार को बताया कि सुठालिया रोड निवासी गल्ला व्यापारी नरेन्द्र कुमार जैन पुत्र प्रभुलाल जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल की शाम को उसने महाकाल ट्रांसपोर्ट ब्यावरा से मोबाइल पर सरसों बूंदी ले जाने के लिए भाड़े पर एक ट्रक को हायर किया था। ट्रांसपोर्टर ने ट्रक मंडी भेज दिया, जिसमें 301 क्विटंल सरसों लोड़ कर ट्रक चालक सियाराम मीना निवासी पाटन थाना अकलेरा जिला झालावाड़ राजस्थान के साथ रवाना किया। ट्रक को दूसरे दिन बूंदी राजस्थान पहुंचना था लेकिन वह नहीं पहुंचा। ट्रक नम्बर के आधार पर मालिक सुखविंदरसिंह से बातचीत की गई तो उसने बताया कि इस नंबर का ट्रक 26 अप्रैल को दिल्ली से पुणे के लिये रवाना हुआ है, जो महाराष्ट्र के अतरालिया शहर में खड़ा है। ट्रक चालक सियाराम मीना ने गलत नम्बर प्लेट लगाकर धोखाधड़ी करते हुए सरसों को ट्रक में भरव कर ले गया है। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित ट्रक चालक सियाराम मीना को अकलेरा जिला झालाबाड राजस्थान से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 22 लाख 26 हजार 572 रुपए कीमती 301 क्विंटल सरसों, तीस लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक राजपालसिंह राठौर, एसआई विष्णु मीणा, आर.चन्दनसिंह और रामकुमार रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



