
BIHAR:- अगले 24 घंटे में राज्य के 10 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश के आसार
पटना- 4 मई। लगातार तीन-चार दिनों से बिहारवासियों को गर्मी से मिल रही राहत अगले 24 घंटे तक कायम रहेगी। क्योंकि,मौसम विभाग ने बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में गुरुवार तक बूंदा-बांदी की संभावना जताई है। इसके साथ अगले 24 घंटे में राज्य के 10 जिलों में तेज हवा और मेघ गरजने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
राज्य के जिन जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है उनमें पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण,सीतामढ़ी,गोपालगंज, औरंगाबाद,गया,जहानाबाद,नालंदा,नवादा और शेखपुरा शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य एवं उत्तर पूर्व के आठ जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होगी और तीन दिनों बाद पटना सहित राज्य के सभी जिलों के तापमान में वृद्धि होगी।
पांच मई तक पूरे बिहार में पूर्वी व दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह रहेगा। साथ ही राज्य में एक चक्रवाती परिसंचरण का इलाका दक्षिण पूर्व उत्तरप्रदेश एवं आसपास के इलाकों में सतह से 1.5 किमी ऊपर बना है। पटना की बात करें तो यहां के अधिकतम पारा में 2.2 डिग्री की कमी आई है, जिससे भीषण गर्मी के मार झेल रहे लोगों को राहत मिली है।



