
किसान और युवा विरोधी है भाजपा सरकार: अखिलेश
आगरा- 04 फरवरी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ शुक्रवार को गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में आगरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। नेताद्वय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार को किसान विरोधी, युवा विरोधी होने का आरोप लगाया।
आदित्यनाथ के गर्मी शांत करने वाले बयान पर जयंत ने कहा कि योगी जी पहले यह बताएं कि वे किसानों और बेरोजगार युवाओं की गर्मी कैसे शांत करेंगे। युवाओं को रोजगार का वादा कर रोजगार नहीं दिया, किसानों को भी लाभ नहीं मिला। अब किसान और बेरोजगार युवा सत्ता से बाहर करके ही इनकी गर्मी शांत करेंगे। जयंत ने कहा कि गठबंध की सरकार बनी तो किसानों और युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि विकास को लेकर प्रदेश में आगे बढ़े थे। आगरा और लखनऊ को जोड़ने के लिए एक्सप्रेस भी बनवाया। प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि आलू किसान के लिए आगरा महत्वपूर्ण है, लेकिन किसानों के लिए कोई भी योजना यहां लागू नहीं की गई। युवाओं ने जब भी रोजगार की बात की तो उनको हमेशा अपमानित किया गया। इसीलिए इस बार इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हर बूथ पर गठबंधन प्रत्याशी को जिताना होगा, तभी योगी आदित्यनाथ की गर्मी शांत होगी।



