
DELHI:- दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली- 02 फरवरी। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना इलाके में बुधवार दोपहर एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चिराग कटारिया उर्फ शानू (18) के रूप में हुई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि गैंगवार में वारदात को अंजाम दिया गया। लेकिन पुलिस घटना के गैंगवार में होने की बात से इंकार कर रही है।
वारदात के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। हत्या को प्रमोद बाजड़ हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि चिराग गैंगस्टर नीरज बवानिया का करीबी रहा है। उस पर पहले से एक हत्या का मामला दर्ज था। तीन साल पूर्व बदमाशों ने चिराग के भाई वेद प्रकाश की भी हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक चिराग कटारिया परिवार के साथ बवाना इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता विजय व अन्य सदस्य हैं। बुुधवार दोपहर के समय चिराग किसी काम से बाहर निकला। इस बीच वह बवाना से कंझावला जाने वाली सड़क पर पानी की टंकी के पास पहुंचा। इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दी। चिराग को दो गोली लगी।
उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के बाद दो आरोपितों को दबोच लिया गया। उनसे पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की चिराग से कोई रंजिश थी। इसलिए उसे गोली मारी गई। उनसे पूछताछ कर हत्या के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा।



