
EOU की बड़ी कार्रवाई! जमीन कारोबारी सुरेंद्र यादव सुमन उर्फ भगत यादव के 10 ठिकानों पर छापेमारी, पत्नी-बेटे समेत 4 गिरफ्तार
पटना/गया, 28 नवंबर। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गया के चर्चित जमीन कारोबारी और पूर्व राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU, STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार और झारखंड में एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान भगत यादव, उनकी पत्नी और डोभी की प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी, बेटा आर्यन कुमार उर्फ मोनू और करीबी सहयोगी रोशन राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी में टीम को 73.50 लाख रुपये नकद, जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 106 निबंधन दस्तावेज, 51 एग्रीमेंट, 38 बैंक खातों के कागजात और जेवर खरीदने की रसीदें मिली हैं। पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित फ्लैट से भी 19 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किया गया था।
EOU के अनुसार भगत यादव और परिवार के नाम पर करीब ढाई हजार कट्ठा (7790 डिसमिल) जमीन, फ्लैट और मकान होने के साक्ष्य मिले हैं। पिछले 15-16 सालों में 67 निबंधित दस्तावेजों के माध्यम से यह संपत्ति अर्जित की गई है, जिसका निबंधन मूल्य 15 करोड़ रुपये है, जबकि सर्किल रेट इससे कई गुना ज्यादा है। शेरघाटी में ही एक भूखंड का सरकारी मूल्य 28 करोड़ रुपये है, मगर उसे मात्र डेढ़ करोड़ रुपये में निबंधित कराया गया था।
आरोप है कि भगत यादव ने रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, जमीन पर कब्जा और सरकारी कर्मियों पर हमले जैसे गंभीर अपराधों से करोड़ों की अवैध कमाई की और उसे पत्नी, बेटे, कंपनी और सहयोगियों के नाम पर जमीन-फ्लैट में निवेश कर धनशोधन किया।
EOU के सत्यापन में भगत यादव के विरुद्ध वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो, रांची और अन्य स्थानों पर कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। गया में डोभी और मोतीपुर के अलावा औरंगाबाद, पटना और झारखंड के हंटरगंज-चतरा में भी छापेमारी हुई। पूरी कार्रवाई डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में की जा रही है।



