
मधुबनी के वार्ड 15 में अजब हाल: सड़क नीचे, नाला ऊपर, नाले पर चढ़ने के लिए सड़क पर सीढ़ी!
मधुबनी, 27 नवंबर। विकास का ऐसा अजूबा नमूना आपने शायद ही कहीं देखा होगा। मधुबनी शहर के वार्ड 15, विनोदानंद झा कॉलोनी में सड़क नीचे है और नाला ऊपर! लोग सड़क पर नहीं, नाले पर चलने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां नाला सड़क से करीब तीन फीट ऊंचा बना दिया गया है। जिससे सड़क नाले से करीब तीन फीट नीचे हो गई है। सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
इसीलिए लोग मजबूरी में नाले के ऊपर से ही आना-जाना करते हैं। जरा सी चूक हुई तो तीन फीट नीचे सड़क पर गिरना तय है। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए तो यह रास्ता हर कदम पर खतरा बना हुआ है। सड़क से नाले पर चढ़ने के लिए बाकायदा सड़क पर ही एक जगह पक्की सीढ़ी बना दी गई है। मतलब, पहले सड़क पर चलो, फिर सीढ़ी चढ़कर नाले पर आओ, फिर नाले पर चलो! ऐसा कारनामा शायद ही बिहार में कहीं और देखने को मिले।
सवाल यह है कि इस तरह के कारनामे के बाद महीनों बीत गए, फिर भी नगर निगम की नजर यहां क्यों नहीं पहुंची? जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे हुए हैं। मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि इस तरह नाला निर्माण करने वाले संवेदक पर कार्रवाई की जाए और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को नाले पर चलने की इस खतरनाक मजबूरी से छुटकारा मिल सके।



