
छठ महापर्व पर कॉमेडियन के जोक से बवाल, बिहार में माफी के बाद भी FIR की मांग तेज
पटना- 25 नवंबर। छठ महापर्व और महिलाओं के सिंदूर को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा किए गए कथित आपत्तिजनक जोक के बाद बिहार में बवाल मच गया है। मामला इतना बढ़ गया कि अब कॉमेडियन को सामने आकर माफी मांगनी पड़ी है, लेकिन इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हो रहा है।
टीवी चैनल पर इस मुद्दे को लेकर एक खास डिबेट भी हुई, जिसमें इस पूरे विवाद पर तीखी बहस देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने अपने एक स्टैंड-अप शो के दौरान छठ पर्व को लेकर ऐसा जोक मारा, जिससे बिहार के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। आरोप है कि उन्होंने छठ की परंपरा और महिलाओं के सिंदूर का मजाक उड़ाया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बिहार में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने इसे बिहार की संस्कृति और आस्था का अपमान बताया। इस विवाद में भाजपा नेता ऋतु जायसवाल का एक ट्वीट भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने पूरे बिहार में कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
उनका कहना है कि कॉमेडी के नाम पर किसी की आस्था और संस्कृति का मजाक नहीं उड़ाया जा सकता।
विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन यश माहेश्वरी वीडियो कॉल के जरिए चैनल पर जुड़े। ग्रे रंग की स्वेटशर्ट पहने यश ने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
उन्होंने कहा कि वह सिर्फ सांस्कृतिक पहलुओं पर बात कर रहे थे। अगर किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें खेद है। उन्होंने अपनी बात के लिए माफी मांगी। डिबेट में बहस में सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि क्या कॉमेडी के नाम पर कुछ भी बोल देना सही है? और क्या माफी मांग लेने से मामला खत्म हो जाना चाहिए?
पैनल में शामिल लोगों का कहना था कि बिहार की संस्कृति और छठ जैसे महापर्व का सम्मान करना सबकी जिम्मेदारी है। लाइक्स और व्यूज के लिए आपत्तिजनक कंटेंट बनाना ठीक नहीं है। वहीं, अभिव्यक्ति की आजादी बनाम धार्मिक भावना को लेकर भी बहस हुई।
फिलहाल, माफी के बाद भी मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या इस मामले में FIR दर्ज होती है या माफी के बाद विवाद खत्म हो जाएगा।



