
AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान को महिला आयोग का नोटिस, महिलाओं पर अमर्यादित बयान पर 7 दिन में मांगा जवाब
पटना, 24 नवंबर। बिहार राज्य महिला आयोग ने AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान को सार्वजनिक मंच से अमर्यादित, भड़काऊ एवं विवादास्पद बयान देने के संबंध में कारण नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया है।
आयोग की सदस्य सजल झा द्वारा 24 नवंबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि आयोग के संज्ञान में विधायक का एक वीडियो आया है, जिसमें वे सार्वजनिक मंच से महिलाओं और विवाह समारोहों के लिए अत्यंत अभद्र व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए अन्य संवैधानिक मुद्दों पर भड़काऊ बयान देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पत्र में कहा गया है कि विधायक का यह कृत्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और सार्वजनिक मर्यादा के विरुद्ध है।
आयोग ने विधायक को निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में 7 दिनों के अंदर अपना लिखित स्पष्टीकरण आयोग को समर्पित करना सुनिश्चित करें। अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस विधायक अख्तरुल ईमान, AIMIM, ब्लॉक नं०-3, आवास संख्या-3/7, वीरचन्द्र पटेल पथ, पटना-1 को भेजा गया है।



