
अयोध्या से जनकपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन का मधुबनी पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
मधुबनी- 24 नवंबर। अयोध्या से जनकपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन जब मंगलवार को मधुबनी स्टेशन पहुंची तो स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया।
ट्रेन के पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने फूल-माला से स्वागत किया। पूरी ट्रेन को फूलों और सजावट से सजाया गया था। स्टेशन पर जय श्रीराम और जय जानकी के जयकारे गूंजते रहे।
यह स्पेशल ट्रेन अयोध्या से चलकर जनकपुर जा रही है। मधुबनी में इसके ठहराव के दौरान बड़ी संख्या में लोग ट्रेन को देखने और श्रद्धालुओं का स्वागत करने पहुंचे। लोगों ने ट्रेन के साथ सेल्फी भी ली।
श्रद्धालुओं का कहना है कि अयोध्या और जनकपुर का रिश्ता राम-जानकी के विवाह से जुड़ा है। ऐसे में अयोध्या से जनकपुर तक चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन मिथिला के लिए गौरव की बात है। मधुबनी स्टेशन पर हुए इस भव्य स्वागत से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।



