
MADHUBANI: वार्ड 15 में मिलने लगा पानी, मोटर लगते ही जलापूर्ति शुरू, व्रतियों में खुशी
मधुबनी, 14 नवंबर। नगर निगम के वार्ड 15 में छठ महापर्व के बीच नल-जल की आपूर्ति बहाल हो गई है। मोटर-स्टार्टर लगते ही जलापूर्ति शुरू हो गई, जिससे व्रतियों सहित पूरे वार्ड के लोगों में खुशी देखी जा रही है।
बतादें कि वार्ड 15 के टाउन क्लब स्थित जलमीनार का मोटर और स्टार्टर में गड़बड़ी आ जाने के चलते पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी। कई दिनों तक वार्ड में नल से पानी नहीं आ रहा था, जिससे लोगों को पीने के पानी और रोजमर्रा के काम के लिए परेशानी हो रही थी।
छठ महापर्व के बीच पानी बंद होने से परेशानी और बढ़ गई थी। नहाय-खाय, खरना और अर्घ्य के लिए व्रतियों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, ऐसे में आपूर्ति ठप होने से लोग चिंतित थे।
इसी बीच नल-जल योजना से जुडी कंपनी मेसर्स संदीप कुमार कंपनी के लोगों ने मोटर और स्टार्टर को ठीक कर पानी की आपूर्ति शुरू की। कंपनी के साइट इंचार्ज दीपक कुमार, सुपरवाइजर सत्यजीत कुमार झा और इलेक्ट्रीशियन गोविंद ठाकुर ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए जलापूर्ति बहाल कर दी गई है, ताकि छठ में पानी के लिए लोगों को परेशानी नहीं हो सके।
मोटर-स्टार्टर वापस लगते ही नल-जल आपूर्ति बहाल हो गई। अब घरों तक पानी पहुंचने लगा है, जिससे लोगों में खुशी है। व्रतियों ने कहा कि अब छठ का अर्घ्य समय पर और शांति से हो सकेगा।
वार्ड के लोगों ने नगर निगम और कंपनी से मांग की है कि आगे भी नल-जल की नियमित देखरेख की जाए, ताकि पर्व-त्योहार में लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।



