बिहार

PATNA: दीपावली के दिन निगरानी का बड़ा एक्शन, 5 लाख रिश्वत लेते मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार

पटना, 08 नवंबर। दीपावली के दिन निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

निगरानी विभाग की टीम ने रविवार, 8 नवम्बर को अभियुक्त को उनके पटना स्थित रामनगरी (आशियाना) के ‘शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट’ के फ्लैट से गिरफ्तार किया। विजिलेंस टीम को देखते ही आरोपी ने रिश्वत की रकम खिड़की से बाहर पास के मैदान में फेंक दी थी, जिसे टीम ने तुरंत बरामद कर लिया।

यह कार्रवाई रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन निवासी अरुण कुमार सिंह की शिकायत के बाद की गई है, जिन्होंने निगरानी ब्यूरो को रिश्वत मांगे जाने की सूचना दी थी।
शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिंह के अनुसार, मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत दो प्रमुख सड़क निर्माण परियोजनाएं चल रही थीं। पहली परियोजना राजनगर-बाबूबरही-खुटौना में करीब 1.2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की थी, जिसकी कुल लागत 5.78 करोड़ रुपये थी।.दूसरी परियोजना स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक और सूड़ी हाई स्कूल से संबंधित थी, जो लगभग 2.4 किलोमीटर लंबी थी और इसकी लागत 13.48 करोड़ रुपये थी।

दोनों योजनाओं में करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान शेष था। आरोप है कि कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा ने इस बकाया राशि के तीन प्रतिशत के हिसाब से कुल 19.50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी और तत्काल 5 लाख रुपये देने को कहा था।

शिकायत मिलने के बाद बिहार Vigilance ब्यूरो ने तत्काल मामले का सत्यापन किया। रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलते ही निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक धावा दल का गठन किया गया, जिसने रविवार को जाल बिछाकर कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।

तलाशी के दौरान निगरानी टीम को आरोपी के सात बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही शेयर बाजार और एलआईसी में निवेश से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं। जांच टीम के हाथ जमीन, फ्लैट और लॉकर से संबंधित दस्तावेज भी लगे हैं।

फिलहाल गिरफ्तार कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा से निगरानी टीम पूछताछ कर रही है। बरामद नकदी, आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!