
बासोपट्टी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुद्धिजीवी संवाद, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने विपक्ष पर साधा निशाना
मधुबनी- 01 नवंबर। मधुबनी जिले के बासोपट्टी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुद्धिजीवी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने विपक्षी INDI गठबंधन और दिल्ली में हुई ‘वोट बचाओ’ रैली पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जो लोग संविधान की कॉपी लेकर घूमते हैं, वही लोग संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा कर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। 1984 के सिख विरोधी दंगे और 1975 का आपातकाल कांग्रेस की देन है, आज वही लोग लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन की सरकार चल रही है, जबकि विपक्ष अराजकता फैलाकर देश को पीछे ले जाना चाहता है। कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय महतो, प्रमिला पूर्वे, अमरेश झा, हरिशंचंद्र शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय बुद्धिजीवी मौजूद रहे।



