
MADHUBANI:- बसुआरा में 50 वर्षों से गूंज रही माँ लक्ष्मी की जयकार, 08 से 11 नवंबर तक होगा भव्य पूजनोत्सव
मधुबनी- 01 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के बसुआरा में दीपावली को लेकर माँ लक्ष्मी पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में भव्य प्रतिमा का निर्माण चल रहा है। समिति के अध्यक्ष कौशल किशोर मंडल ने बताया कि बसुआरा की लक्ष्मी पूजा की शुरुआत वर्ष 1976 में हुई थी। तब से लेकर आज तक लगातार यहाँ माँ लक्ष्मी की पूजा अनवरत चली आ रही है। यही कारण है कि यह पूजा पूरे मिथिला क्षेत्र में प्रसिद्ध है। दीपावली पर यहाँ हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ते हैं।
शास्त्रों में कहा गया है– ‘या देवी सर्वभूतेषु लक्ष्मी रूपेण संस्थिता’। माँ लक्ष्मी धन, वैभव, समृद्धि और सौभाग्य की देवी हैं। मान्यता है कि दीपावली की रात्रि में माँ लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और जहाँ स्वच्छता, श्रद्धा और भक्ति होती है, वहीं वास करती हैं।
बसुआरा में मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से माँ लक्ष्मी की आराधना करने से घर में सुख-समृद्धि आती है, व्यापार में वृद्धि होती है और दरिद्रता दूर होती है। इसीलिए व्यापारी वर्ग से लेकर आम गृहस्थ तक सभी इस पूजा में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इस वर्ष 8 नवंबर से 11 नवंबर तक चार दिवसीय पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 8 नवंबर को कलश स्थापना और प्रतिमा का पट खुलेगा। 11 नवंबर को विसर्जन के साथ पूजा संपन्न होगी। पूजा के दौरान संध्या में महा-आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भजन, कीर्तन और लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।
तैयारी बैठक में सचिव उपेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष भागीरथ पासवान, तरुण राठौड़, जीतू कुमार, पियूष कुमार, सोनू कुमार, आनंद मंडल सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय भक्तगण शामिल है।



