
ट्रंप की हमले की चेतावनी पर ईरान का पलटवार: IRGC बोला- अमेरिकी युद्धपोत झोंके तो समुद्र में दफन कर देंगे
तेहरान- 01 नवंबर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर नए हमले की चेतावनी पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरान के सबसे ताकतवर संगठन इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल के संभावित हमले का जवाब देने के लिए ईरान पूरी तरह तैयार है। तैयारी इस स्तर की है कि अगर अमेरिका लड़ाई में अपने युद्धपोत झोंकता है तो उन्हें समुद्र में दफन कर दिया जाएगा।
अल जजीरा ने फार्स न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया कि IRGC के राजनीतिक मामलों के उप प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल यादुल्लाह जवानी ने कहा कि ईरानी सेना इस संभावना को ध्यान में रखकर काम कर रही है कि अमेरिका या इजरायल कभी भी हमला कर सकते हैं। सेना दुश्मन की किसी भी चाल का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जवानी ने कहा कि ईरान को अचानक चौंकाया नहीं जा सकेगा और वह जरूरत के हिसाब से जवाब देगा। ईरान की सैन्य क्षमता पहले से और सुदृढ़ हो गई है। हमले का अंदेशा होते ही जवाबी हमले शुरू कर दिए जाएंगे। ईरान ऐसी स्थिति में अमेरिकी युद्धपोतों पर भारी और विनाशकारी हमला करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन की सेना हमारे किसी भी इलाके में घुसने की कोशिश करती है तो वह क्षेत्र मौत का मैदान बन जाएगा।
नए हथियारों से जवाब देंगे – मोहसेन रेजाई
ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने भी चेतावनी दी कि अगर ईरान पर हमला होता है तो वह नए हथियारों का इस्तेमाल कर हमलावर को करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि कूटनीति को आगे बढ़ाने के लिए ईरान की सात शर्तों को पूरा करना जरूरी है। देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के आह्वान से सशस्त्र बलों का हौसला बढ़ा है।
ट्रंप ने क्या कहा था?
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से कहा था कि ईरान की सेना को काफी हद तक कमजोर किया जा चुका है। युद्ध रोकने के लिए बातचीत सही दिशा में बढ़ रही है, अमेरिका को आक्रामक कार्रवाई की जल्दी नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि हमने उनके परमाणु कार्यक्रम को नष्ट कर दिया है। अभी भी एक या दो ऐसी जगहें हैं, जहां हमला कर उन्हें नष्ट करना है। आप ‘पिकएक्स माउंटेन’ को देख सकते हैं। वहां हम जल्द हमला कर सकते हैं।” हालांकि ईरान ने इनकार किया है कि वहां कोई परमाणु गतिविधि चल रही है।



