
MADHUBANI:-बासोपट्टी में शराब माफिया का तांडव-पुलिस टीम पर पथराव, 1 महिला सहित 12 गिरफ्तार
मधुबनी – 27 अक्टूबर। बासोपट्टी थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। सोमवार देर शाम बभनदई चौक से कोदरकट्टा जाने वाली मुख्य सड़क पर बुंदेलखंड गांव के समीप हुई इस घटना में पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पीटीसी दिनेश कुमार (39) सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
छापेमारी के दौरान हुआ हमला—
पुलिस टीम संध्या गश्ती के दौरान संपत सहनी के होटल के पास शराब धंधेबाजों के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पीटीसी दिनेश कुमार ने एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य धंधेबाज पुलिस से उलझ गए।
घात लगाकर पथराव—
गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने के लिए तस्करों ने पीछे से घात लगाकर पुलिस वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव में गाड़ी के शीशे टूट गए और होमगार्ड जवान सुरेश पासवान समेत दो जवान जख्मी हो गए।
हमले में 25 से 30 महिला-पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। पुलिस वाहन का पिछला शीशा तोड़कर गिरफ्तार धंधेबाज को भी भगा दिया गया।
पुलिस का एक्शन—
घटना की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। घायलों को आनन-फानन में सीएचसी बासोपट्टी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बासोपट्टी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि 14 नामजद सहित करीब 30 अज्ञात महिला-पुरुषों की पहचान की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने एक महिला सहित 12 आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं जयनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल का जायजा लिया है। तथा पुलिस पदाधिकारियों को घटना के संबंध में कई निर्देश दिए है।



