BIHAR:- केसरिया की मुख्य पार्षद के 5 ठिकानों पर निगरानी का शिकंजा, 3.56 करोड़ की अकूत संपत्ति का खुलासा
पटना/पूर्वी चंपारण – 27 अक्टूबर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रभाग (EOU) और निगरानी ने बड़ी कार्रवाई की है। केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के 5 ठिकानों पर आज एक साथ छापेमारी चल रही है।
क्या है मामला?
बिहार पुलिस मुख्यालय (आर्थिक अपराध प्रभाग) की प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 27.10.2026 के अनुसार विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि वार्ड नं.-07, नगर पंचायत केसरिया, पूर्वी चंपारण के वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक पिता दिनेश पाठक, ग्राम-केसरिया टोला चैनपुर, थाना-केसरिया और इनकी पत्नी मुख्य पार्षद किरण देवी ने भ्रष्ट तरीके से आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
इस पर आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-29/26, दिनांक-26.10.2026, धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी)/12 भ्र.नि.अधि. 1988 (यथासंशोधित 2018) के तहत केस दर्ज कर माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र लिया गया।
कहां-कहां छापा?
अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स के सहयोग से 27.10.26 को 5 जगहों पर तलाशी चल रही है। जिसमें मोहल्ला चैनपुर, थाना-केसरिया स्थित पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के नजदीक निजी आवास, युवराज गैस एजेंसी कार्यालय एवं गोदाम, केसरिया, मुख्य पार्षद का कार्यालय, नगर पंचायत सरकारी भवन, केसरिया और फ्लैट नं.-B0-101, पार्क वेस्ट अपार्टमेंट, बालाजी नगर, दानापुर, जिला-पटना शामिल है।
कितनी अधिक संपत्ति?
प्राप्त सूचना के अनुसार रजनीश पाठक और मुख्य पार्षद किरण देवी के विरुद्ध उनके ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 3,56,65,118/- रुपये (तीन करोड़ छप्पन लाख पैंसठ हजार एक सौ अठारह रुपये) आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 124.81% अधिक है। EOU ने कहा है कि तलाशी कार्रवाई संपन्न होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



