
MADHUBANI:- चकदह गुलटेनी पोखर आज भी अतिक्रमण की चपेट में, 4 साल बाद भी नहीं हटा कब्जा
मधुबनी – 17 अक्टूबर। नगर निगम के वार्ड नंबर 21 में स्थित ऐतिहासिक चकदह गुलटेनी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने का न्यायालयी आदेश महज कागजी साबित हो रहा है। अतिक्रमण वाद संख्या-11/2026-27 में पारित आदेश को चार साल बीत गए, लेकिन रहिका अंचल प्रशासन ने आज तक पोखर को कब्जा मुक्त नहीं कराया है।
*CM ऑफिस से भी आया जवाब, पर जमीन पर जीरो*
आवेदक मिहिर झा ने जब थक-हारकर मुख्यमंत्री जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई तो बिहार CM क्विक रिस्पांस टीम की ओर से बताया गया कि मापी प्रतिवेदन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह मापी प्रतिवेदन का खेल पिछले चार साल से चल रहा है। उनके अनुसार हल्का कर्मचारी द्वारा मापी रिपोर्ट अंचलाधिकारी रहिका को सौंपी जा चुकी है, बावजूद इसके फाइल आगे नहीं बढ़ रही।
छठ से पहले कार्रवाई की मांग—
आरटीआई एक्टिविस्ट सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी का कहना है कि चकदह गुलटेनी पोखर में हर साल बड़ी संख्या में छठव्रती अर्घ्य देते हैं। यदि पोखर अतिक्रमण मुक्त नहीं हुआ तो छठ में हजारों व्रतियों को परेशानी होगी। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि छठ महापर्व से पहले पोखर को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।
प्रशासन मौन—
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मापी हो चुकी है, न्यायालय का आदेश है और CM QRT का निर्देश भी है, तो आखिर रहिका अंचल किसके दबाव में कार्रवाई से बच रहा है?



