
BIHAR:- सुपौल में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों से शोषण, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 10 बच्चियां मुक्त, 16 गिरफ्तार
सुपौल, 16 अक्टूबर। जिले में ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बच्चियों के शोषण और उनसे काम कराने की सूचना पर सुपौल पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया है, जबकि इस मामले में संलिप्तता के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 16 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को जिले में ऑर्केस्ट्रा संचालकों द्वारा नाबालिगों से काम लिए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विशेष अपराध-सह-साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एएचटीयू, एसजेपीयू एवं महिला थाना की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सूचना के सत्यापन के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बच्चियों को मुक्त कराया और 16 आरोपितों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में जितेंद्र कुमार, माया टोला, केरा थाना, छपरा, विवेक कुमार, बैरारी, तरवारा थाना छपरा, सुभांशु कुमार, मुइली, एकमा थाना, छपरा, इमाम अंसारी, तुजारपुर, केरा थाना, छपरा, सोनू कुमार, चंपानगर, राघोपुर थाना, सुपौल, विकास कुमार, पलटू हाता, जामो बाजार थाना, सीवान, राजेश मेहता उर्फ राजेश जी, मौजहा, किशनपुर थाना, सुपौल, शेष 9 महिला आरोपित शामिल है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में महिला थाना में कांड दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। मुक्त कराई गई नाबालिगों की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है और सभी गिरफ्तारों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस ने कहा कि नाबालिगों को शोषण से बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



