
दरभंगा स्नातक चुनाव: संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति ने की बैठक, उपयुक्त प्रत्याशी के समर्थन पर मंथन
मधुबनी- 14 अक्टूबर। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति की बैठक समिति सचिव विपिन कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा स्नातक चुनाव में मैदान में उतरे विभिन्न प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने कहा कि स्नातक मतदाताओं की भूमिका सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में भी उनकी अहम भूमिका है। इसलिए ऐसे प्रत्याशी का समर्थन होना चाहिए जो शिक्षित वर्ग की आवाज विधान परिषद में मजबूती से रख सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति सभी प्रत्याशियों के बायोडाटा, सामाजिक सक्रियता और स्नातक हितों के प्रति उनके विजन का आकलन करेगी। इसके लिए अगली बैठक में उपयुक्त प्रत्याशी के नाम पर सहमति बनाकर औपचारिक रूप से समर्थन की घोषणा की जाएगी। बैठक में समिति के शंकर झा, विनोद कुमार, भोला यादव, राजेन्द्र पंजियार, मोहन सिंह, अशोक कुमार सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।



