
T-20 में वेस्टइंडीज ने भारत को 6 विकेट से दी शिकस्त
रांची- 09 अक्टूबर। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को छह विकेट से शिकस्त दी है। भारतीय टीम की ओर से दिए गए 250 रनों के विशाल लक्ष्य को वेस्ट इंडीज की टीम ने 19.3 ओवर में ही चार विकेट खोकर (252/4) हासिल कर लिया और तीन गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली।
इस जीत के असली सूत्रधार कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड रहे, जिनकी आतिशी बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने पीच पर उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कामिल पूरन (4 रन) और शिमरॉन हेटमायर (0 रन) सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। होप ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 45 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। दूसरे छोर से रदरफोर्ड ने अच्छी पारी खेलते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 94 रनों की तूफानी पारी खेली। अंत में रोमारियो शेफर्ड ने भी 15 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने संजू सैमसन (82 रन), तिलक वर्मा (नाबाद 44) और ईशान किशन (43 रन) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 249 रन बनाए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाज इस बड़े स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे। मयंक यादव (2 विकेट), कुलदीप यादव (1 विकेट) और नमन धीर (1 विकेट) को छोड़कर किसी भी गेंदबाज को सफलता नहीं मिली। अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और शिवम दुबे कैरेबियाई बल्लेबाजों के आगे संघर्ष करते दिखे। विशेष रूप से अक्षर पटेल ने अपने 3.3 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 63 रन लुटा दिए।
वहीं, वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर रोस्टन चेज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि शमार स्प्रिंगर ने 2 सफलताएं हासिल कीं लेकिन वे 4 ओवर में 64 रन लुटा बैठे।
राज्यपाल मैच देखने पहुंचे, खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को राची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत एवं वेस्टइंडीज के बीच आयोजित टी 20 क्रिकेट मैच देखने पहुंचे तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।



