
इमरान खान की पार्टी ने TTP के साथ मिलकर पाकिस्तान के खिलाफ छेड़ा युद्ध, सरकार ब्लैकमेल नहीं होगी: रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ
इस्लामाबाद – 09 अक्टूबर। पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि PTI ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ मिलकर देश के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है।
जियो न्यूज को दिए साक्षात्कार में आसिफ ने चेतावनी दी कि अगर PTI लॉन्ग मार्च के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश करती है तो इमरान खान को कोई राहत नहीं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह PTI की कोरी कल्पना है कि वे लॉन्ग मार्च करके सरकार को ब्लैकमेल कर सकते हैं। सरकार किसी भी हालत में ब्लैकमेल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हर दो-तीन महीने में इस्लामाबाद पर हमला करना PTI की आदत बन गई है।
रक्षामंत्री ने कहा कि मुझे अफगान तालिबान का एक भी ऐसा बयान दिखाओ जो TTP के खिलाफ हो। काबुल के शासक ही TTP के संरक्षक हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि आतंकवादियों को फंडिंग मिल रही है और वे खैबर पख्तूनख्वा के कई जिलों में खुलेआम रह रहे हैं, जहां प्रांतीय सरकार नहीं बल्कि आतंकियों की तूती बोलती है।
उन्होंने इसे “देश के साथ बेईमानी” बताते हुए PTI से अपील की, बातचीत की मेज पर आएं, घर लौटें और अपने प्रांत का ध्यान रखें। यह भूल जाइए कि आप बंदूक के दम पर हमसे अपनी मांगें मनवा पाएंगे।



