
फोर्ट हुड के हत्यारे को सबके सामने मिलेगी मौत, 90 साल बाद अमेरिका में सार्वजनिक होगी फांसी; लाइव स्ट्रीमिंग की तैयारी
वाशिंगटन – 09 अक्टूबर। अमेरिका 90 साल बाद फिर से सजा-ए-मौत को सार्वजनिक करने जा रहा है। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा है कि फोर्ट हुड गोलीकांड के दोषी मेजर निदाल हसन को 03 दिसंबर को सबके सामने फायरिंग स्क्वाड से मौत दी जाएगी।
हेगसेथ ने ‘रियल अमेरिकाज वॉयस’ को बताया कि हसन को टेक्सास के किलीन के पास फोर्ट हुड बेस पर ही सजा दी जाएगी, जहां उसने 2009 में 13 लोगों की हत्या की थी और 32 को घायल किया था।
उन्होंने कहा कि हम यह पक्का करेंगे कि लोग इसे देख सकें। यह सार्वजनिक होगा। लोगों को समझना चाहिए कि ऐसी घटना के गंभीर नतीजे होते हैं।
एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 90 साल से सजा-ए-मौत को सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया गया है। पेंटागन का कहना है कि सजा की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी, हालांकि यह कहां दिखाई जाएगी, यह नहीं बताया गया है। रक्षा विभाग ने इस पर टिप्पणी से इनकार किया है।
सेना के अनुसार, यह 1961 के बाद अमेरिकी सेना द्वारा दी जाने वाली पहली सजा-ए-मौत होगी। वहीं फायरिंग स्क्वाड से सेना ने आखिरी बार 1945 में सजा दी थी। अमेरिका में अभी सिर्फ इडाहो, मिसिसिपी, ओक्लाहोमा, साउथ कैरोलिना और यूटा ही फायरिंग स्क्वाड की इजाजत देते हैं।
सेना ने बताया कि युद्ध सचिव हेगसेथ की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अक्टूबर को इस सजा को मंजूरी दी है। सजा 3 दिसंबर 2026 को दोपहर 1 बजे (सेंट्रल टाइम) फोर्ट हुड में दी जाएगी, ठीक उसी समय जब 2009 में हमला हुआ था।
अमेरिका में आखिरी सार्वजनिक फांसी 1936 में केंटकी में हुई थी, जब रेनी बेथिया नाम के व्यक्ति को फांसी दी गई थी।



