
अनंत सिंह की नाराजगी दूर करने में जुटे ललन सिंह, कहा – नीरज कुमार ने प्रचार किया था, प्रदेश नेतृत्व की चूक हुई
पटना- 05 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में चल रही राजनीतिक हलचल के बीच विधायक अनंत सिंह की नाराजगी दूर करने की कोशिश तेज हो गई है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को उनसे बातचीत के लिए लगाया है।
सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद ललन सिंह ने बताया कि अनंत सिंह ने उनके सामने कई शिकायतें रखी हैं। ललन सिंह ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि बीते विधानसभा चुनाव के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ चलाए गए अभियान में नीरज कुमार शामिल थे और उस समय पार्टी नेतृत्व की ओर से कार्रवाई होनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का कहना है कि जब सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब जदयू के कई नेताओं ने उनसे सरकार के समर्थन का आग्रह किया था। उन्होंने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान के कारण सरकार का समर्थन किया। अनंत सिंह का तर्क है कि जब उन्होंने संकट के समय सरकार का साथ दिया तो बाद में उनके खिलाफ चुनाव अभियान चलाए जाने पर पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार के समर्थन के बाद अनंत सिंह ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्हें मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा गया था। ललन सिंह के अनुसार, इस बातचीत के दौरान संजय झा समेत कई नेता मौजूद थे। इसके बाद अनंत सिंह ने मोकामा से चुनाव लड़ा।
नीरज कुमार पर अभियान चलाने का आरोप—
अनंत सिंह की प्रमुख शिकायत विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार की कथित भूमिका को लेकर है। उनका आरोप है कि उनके खिलाफ चुनावी अभियान चलाया गया और विरोधियों के साथ मिलकर प्रचार किया गया।



