
बिहार में खनिज ब्लॉकों के विकास और पारदर्शी ई-नीलामी को गति देने पर हुई उच्चस्तरीय बैठक
पटना- 28 सितंबर। बिहार में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों के विकास और पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, विभाग के वरीय अधिकारी, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट, एमईसीएल सहित संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भागलपुर कोयला ब्लॉक में UCG पर विशेष चर्चा—
बैठक में भागलपुर जिले में अन्वेषित कोयला ब्लॉक में भूमिगत कोयला गैसीकरण (UCG) के माध्यम से कोयला संसाधनों के उपयोग की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई। खान एवं भूतत्व विभाग ने UCG से संबंधित प्रस्ताव पर अनुकूल विचार और आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि बिहार में उपलब्ध खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक आधारित उपयोग के लिए केंद्र सरकार आवश्यक सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि UCG जैसे विकल्पों की तकनीकी संभावनाओं की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संभावित निवेशकों और बोलीदाताओं को तकनीकी संभावनाओं से अवगत कराने के लिए पटना में रोड शो आयोजित करने की पहल की बात भी कही।
खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की खनिज संपदा राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार का प्रयास है कि खनिज संसाधनों का वैज्ञानिक, पारदर्शी और सतत उपयोग हो तथा अन्वेषण से लेकर ई-नीलामी और उत्पादन तक की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
रोहतास और गया के ब्लॉकों की समीक्षा—
बैठक में रोहतास जिले के नीलामित पिपराडीह-भुरवा और चुटिया-नौहट्टा ग्लूकोनाइट ब्लॉक तथा भोरा-कथरा लाइमस्टोन ब्लॉक में उत्पादन की तैयारियों की समीक्षा की गई। वहीं गयाजी जिले के गेंजाना निकेल-क्रोमियम एवं पीजीई ब्लॉक में उत्पादन और प्रेषण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द उत्पादन शुरू करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पत्थर भूखंडों की ई-नीलामी की प्रगति, जीएसआई और निजी अन्वेषण एजेंसियों के माध्यम से अन्वेषण में तेजी लाने और ग्लूकोनाइट व लाइमस्टोन ब्लॉकों की आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।



