
सरहद पार भी सीडीएस बिपिन रावत की मौत की खबरें बनीं मुखपृष्ठ की सुर्खियां
नई दिल्ली-09 दिसंबर। पाकिस्तान से गुरुवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने भारत के चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत होने की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं। अखबारों ने लिखा है कि जनरल बिपिन रावत के दुर्घटना में मारे जाने की जानकारी भारतीय एयरफोर्स ने दी है। अखबारों ने बताया है कि इस दुर्घटना की जांच के लिए जांच कमेटी का गठन किया गया है। अखबारों ने बताया है कि पाक सेना अध्यक्ष जनरल कमर बाजवा के अलावा वायुसेना और नौसेना अध्यक्षों ने भी रावत की मौत पर दुख का इजहार किया है और उन्हें खिराज-ए-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की है।
अखबारों ने प्रधानमंत्री इमरान खान का एक बयान भी प्रमुखता से छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान अभी भी दुनिया का सबसे सस्ता मुल्क है और सर्दियों के बाद जरूरी वस्तुओं के दामों में कमी आएगी। अखबारों ने कोर कमांडर मीटिंग की खबर भी प्रकाशित की हैं जिसमें सियालकोट घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई है और ऐसे तमाम लोगों को सख्त सजा दिए जाने की बात कही गई है जो कानून हाथ में लेते हैं।
अखबारों ने अमेरिका में आयोजित होने वाली डेमोक्रेसी कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के भाग नहीं लेने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने कहा है कि पाकिस्तान ने इस कान्फ्रेंस से अपने आप को दूर रखने का फैसला लिया है। अखबारों ने डेमोक्रेसी कान्फ्रेंस में अमरीका के जरिए चीन को दावत नहीं दिए जाने पर चीन की नाराजगी की खबरें भी प्रकाशित की हैं। चीन का कहना है कि डेमोक्रेसी कांफ्रेंस के इतिहास में अमेरिका की यह हरकत हमेशा याद रखी जाएगी।
अखबारों ने ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट भी प्रकाशित की है जिसमें बताया गया है कि पाकिस्तान में सबसे भ्रष्ट पुलिस विभाग को बताया गया है। रिपोर्ट में पुलिस विभा के बाद क्रमशः कोर्ट, टेंडर सेक्टर, स्वास्थ्य, लैंड एंड एडमिनिस्ट्रेशन और शिक्षा क्षेत्र को रखा गया है। अखबारों ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के लीडर बिलावल भुट्टो के जरिए महंगाई के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल के ऐलान किए जाने की खबरें दी हैं। अखबार ने बताया है कि पीपुल्स पार्टी 10 दिसंबर को देश भर में और 17 दिसंबर को सिंध भर में महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी।
अखबारों ने पाक सेना के जरिए हवा में मार करने वाली मिसाइल की फायरिंग का तजुर्बा किए जाने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने बताया कि एयर डिफेंस यूनिट की तरफ से फायर किए गए मिसाइलों ने कामियाबी के साथ अपने निशाने को पूरा किया है। यह सभी खबरें रोजनामा दुनिया, रोजनामा खबरें, रोजनामा औसाफ, रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा नवाएवक्त और रोजनामा जंग ने अपने पहले पन्ने पर छापी हैं।
रोजनामा खबरें ने एक खबर दी है जिसमें बताया गया है कि कैटरीना कैफ ने अपनी शादी के लाइव प्रसारण के अधिकार 80 करोड़ रुपये में बेचा हैं। अखबार में बताया है कि बॉलीवुड की बार्बी डॉल कैटरीना कैफ और विकी कौशल ने अपनी शादी के लाइव टेलीकास्ट के अधिकार को एक एक टीवी चैनल को 80 करोड़ में बेचा है। अखबार ने बताया कि कैटरीना कैफ और कौशल ने 9 दिसंबर को होने वाली अपनी शादी से आम लोगों को रूबरू कराने के लिए टीवी चैनल को अधिकार बेचा हैं।
रोजनामा दुनिया ने एक खबर जम्मू-कश्मीर से दी है जिसमें बताया गया है कि सेना ने शोपियां में तीन कश्मीरी युवकों को मार गिराया है। अखबार ने बताया है कि केमिकल और हथियार के इस्तेमाल से मकानों को भी तबाह किया गया है। अखबार ने बताया कि इंटरनेट सर्विस को बंद कर दिया गया है और मीडिया को खबरें देने से भी रोका गया है।
रोजनामा नवाएवक्त ने एक खास खबर प्रकाशित की है जिसमें बताया गया है कि चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना के पीछे सेना का अंदरूनी भितरघात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। मोहम्मद अकरम चौधरी की रिपोर्ट में बताया गया है कि जनरल बिपिन रावत की गिनती विवादित अफसरों में होती थी। सेना में वह बहुत लोकप्रिय नहीं थे और वायुसेना के साथ उनके संबंध खराब थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि बिपिन रावत के संबंध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से काफी मधुर थे और यही वजह थी कि उनके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 साल पहले सीडीएस का नया ओहदा स्थापित किया था। अखबार ने लिखा है कि सोशल मीडिया में अलगाववादियों की तरफ से हेलीकॉप्टर को निशाना बनाए जाने की खबरें भी चल रही हैं।



