
अब बॉलीवुड में वापसी नहीं, करूंगी राजनीति: अर्चना गौतम
बुलंदशहर- 20 मार्च। बॉलीवुड की अदाकारा एवं कांग्रेस नेत्री अर्चना गौतम रविवार को सिकंदराबाद क्षेत्र के प्राणगढ़ गांव में एक घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंची थी। यहां पर मीडिया से रूबरु होते हुए उन्होंने कहा कि अब वह बॉलीवुड में वापसी न करके राजनीति करेंगी।
विधानसभा चुनाव-2022 में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की करारी हार पर अर्चना गौतम ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को चुनाव की तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला। अपनी विधानसभा में भी चुनाव प्रचार के लिए मुझे बहुत ही कम समय मिला, इसलिए मैं अपनी बात जनता तक नहीं पहुंचा पाई।
साथ ही यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी की लहर रही। लेकिन आने वाले कुछ वर्षों में जनता एक बार फिर से बदलाव चाहती है और आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का ही होगा।
इस समय चर्चा का विषय बनी द कश्मीर फाइल फिल्म को लेकर भी अभिनेत्री ने सवाल उठाया है। कहा कि इस फिल्म में केवल एक पक्ष को ही दिखाया गया है जबकि दोनों पक्षों को दिखाना चाहिये।
अभिनेत्री अर्चना गौतम ने हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उन्हें 1519 वोट मिले थे। अर्चना गौतम मूलरूप से मेरठ की रहने वाली हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ग्रैंड मस्ती, हसीना पारकर, बारात कंपनी, जंक्शन वाराणसी जैसी फिल्मों में काम किया है। इनके अलावा अर्चना तेलुगू और तमिल की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
अर्चना गौतम ने साल 2018 में मिस बिकिनी गर्ल इंडिया का अवॉर्ड भी जीता था। इसी वजह से वह बिकनी गर्ल के नाम से मशहूर हो गई। बिकिनी पहनने की वजह से अर्चना गौतम का हिंदूवादी संगठनों ने जमकर विरोध भी किया था।



