लोकतंत्र बचाने का चुनाव है आगामी लोकसभा: अखिलेश

बाराबंकी- 03 फरवरी। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को बाराबंकी जनपद के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने नगर पंचायत बेलहरा में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरित किए। इस दौरान सपा अध्यक्ष ने जनसभा को सम्बोधित किया।

सपा अध्यक्ष ने उपस्थित जनता से कहा कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा का चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। सपा की कोशिश रहेगी कि हमारा गठबंधन भाजपा को हराएं क्योंकि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है। भाजपा की मनमानी व अन्यायपूर्ण कार्यप्रणाली का विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं पर बदले की भावना से भाजपा कार्य कर रही है। इसमें भाजपा के लोग ईडी व सीबीआई की मदद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुलडोजर से सिर्फ तबाही हो सकती है, समाज और देश नहीं चल सकता।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के संविधान से चलेगा। संविधान में अगर परिवर्तन हुआ, तो वोट का हक समाप्त हो जायेगा। भाजपा पर बेईमानी का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के लोग बेईमानी करके ही चुनाव जीतते हैं। अब भाजपा का छलावा जनता जान चुकी है और आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा।

जनपद में आयोजित कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष शबाना खातून द्वारा मेधावियों को प्रोत्साहित किए जाने के लिए आयोजित किया गया था।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!