रांची- 22 जून। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार पर टिप्पणी को लेकर झारखंड जदयू ने गुरुवार को पलटवार किया है। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने कहा की नीतीश कुमार नेता बनाते हैं और बाबूलाल मरांडी केवल बातें। उन्होंने कहा कि कल तक मरांडी नीतीश कुमार को अपना पोलिटिकल गार्जियन मानते थे। उनके मार्गदर्शन में झारखंड से भाजपा को मिटाने का संकल्प लेते हुए विपक्षी एकता की वकालत करते थे। नीतीश कुमार ने भी मरांडी को पुनः झारखंड की राजनीति में स्थापित करने के लिए काफ़ी सहयोग किया।
मरांडी के आग्रह पर वह मई 2016 में झारखंड विकास मोर्चा के महाधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके गुज़ारिश पर नीतीश कुमार ने बिहार सरकार को झारखंड को उसकी ज़मीन का नक़्शा वापस करने का निर्देश दिया। इसके लिए झारखंड सरकार काफ़ी लम्बे समय से प्रयासरत थी, लेकिन मरांडी सब भूल गए। उन्होंने संघर्ष छोड़ भाजपा में आत्मसमर्पण कर दिया और अब नीतीश कुमार पर टिका – टिप्पणी कर रहे।
