मधुबनी- 01 जनवरी। इंडिया गठबंधन में सब कुछ सही चल रहा है। इस गठबंधन का एक ही लक्ष्य है, भाजपा को सत्ता से हटाना। इस लक्ष्य को जनता के सहारे पा लिया जाएगा और इंडिया गठबंधन के बीच शीट शेयरिंग भी जल्द कर लिया जाएगा। ये बातें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ शकील अहमद ने बेनीपट्टी के युगेश्वर झा कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा। डॉ. अहमद ने कहा कि, इंडिया गठबंधन में जेडीयू और बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बहुत बड़ा रोल है। लेकिन, कुछ गोदी मीडिया गलत ढंग से खबर चलाकर दिखाने का प्रयास कर रही है कि इंडिया गठबंधन में सब कुछ सही नहीं है। जबकि, हकीकत ये है कि गठबंधन मजबूत है और सभी दलों के नेताओं से लगातार बातचीत जारी है। डॉ. अहमद ने कहा कि इस केंद्र सरकार से आम अवाम से लेकर किसान,मजदूर,गृहणी सब परेशान है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। ऐसे में इंडिया गठबंधन का दायित्व बढ़ गया है। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हर राज्य में रोकना है। उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मसले पर कहा कि, ये जेडीयू का आंतरिक मामला है। हर पार्टी को ये अधिकार है कि वो किसे अध्यक्ष बनाती है या नहीं। इस मसले पर दूसरा दल क्या करेगा। मौके पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष कौशल किशोर चौधरी,बैधनाथ झा,मिहिर झा,संजय झा आदि थे।
