
निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मियों की हड़ताल आज और कल
नई दिल्ली- 16 दिसंबर। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारी 16 एवं 17 दिसंबर को हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते इन दोनों दिन बैंकों में कामकाज नहीं होगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने बैंकों के निजीकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाए गए बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2021 के विरोध में इस हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियन की तरफ से बुधवार को यह जानकारी दी गई।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने एक बयान में बताया कि इस हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र के 4 हजार से भी ज्यादा बैंक शाखाओं में कार्यरत 25 हजार अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। यूनियन के संयोजक महेश मिश्र ने कहा कि बैंक कर्मचारी और अधिकारी सरकार की नीतियों के खिलाफ 16 एवं 17 दिसंबर को दो दिन की देशव्यापी हड़ताल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र में बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक लेकर आ रही है, जिससे भविष्य में किसी भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक को निजी क्षेत्र में देने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसको लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने दो दिन के हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।



