भारत

दिल्ली-NCR में बारिश से मिली गर्मी से राहत, कई इलाकों में जलभराव

नई दिल्ली- 05 अगस्त। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। साथ ही कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। महरौली-बदरपुर रोड, दक्षिणपुरी सहित कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं तथा मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। राजधानी दिल्ली में बुधवार को अब तक करावल नगर, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, बुद्धा जयंती पार्क, दिल्ली कैंट, इंडिया गेट, सफदरजंग, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम, आरके पुरम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी और तुगलकाबाद सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच सर्वाधिक 49.3 मिमी वर्षा अयानगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा छतरपुर में 24 मिमी, सफदरजंग में 15.4 मिमी, पालम में 8.3 मिमी, लोधी रोड में 3.9 मिमी तथा रिज क्षेत्र में 3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

बारिश के चलते पूरे एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया है। राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग ने 06 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 7 अगस्त को भी हल्की से मध्यम वर्षा के कई दौर और कुछ स्थानों पर तेज बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 08 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ छिटपुट हल्की वर्षा का अनुमान है।

इसके अलावा आईएमडी ने अगले एक सप्ताह में देश में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के अनूसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है, जबकि केरल और कर्नाटक में भी अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने तथा रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!