
बिहार
MADHUBANI:- बथनाहा में छात्र की मौत के कई दिन बाद खुला विद्यालय, ग्रामीणों की सहमति के बाद शुरू हुई पढ़ाई
मधुबनी- 05 अगस्त। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के बथनाहा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के छात्र ऋतिक कुमार की 30 जुलाई को विद्यालय से सटे तालाब में डूबने से हुई मौत के बाद उत्पन्न स्थिति को सामान्य बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक पहल की है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ललन कुमार ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विद्यालय के सभी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति अगले आदेश तक मध्य विद्यालय ब्रह्मपुर एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय पैंता में कर दी है।
वहीं दोनों विद्यालयों के शिक्षकों को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि पठन-पाठन बाधित न हो। बुधवार को प्रतिनियुक्त शिक्षक बथनाहा विद्यालय पहुंचे, लेकिन मृत छात्र के परिजनों एवं कुछ ग्रामीणों ने विद्यालय खोलने का विरोध करते हुए शिक्षकों को कक्षाएं संचालित करने से रोक दिया। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार मंडल ने इसकी सूचना बीईओ ललन कुमार को दी।
सूचना मिलते ही बीईओ थाना पुलिस के एसआई मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक की। बैठक में मृत छात्र के पिता सुरेन्द्र मंडल एवं उनकी पत्नी ने घटना को लेकर अपनी पीड़ा और शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बीईओ को एक आवेदन सौंपते हुए घटना के लिए जिम्मेदार एवं लापरवाह शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की।
बीईओ ललन कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदन को दो दिनों के भीतर अपनी अनुशंसा के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेज दिया जाएगा, ताकि विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय खोलने और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने पर अपनी सहमति दे दी। इसके बाद विद्यालय में पठन-पाठन की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ कराई गई।
गौरतलब है कि छात्र की मौत के बाद विद्यालय कई दिनों तक बंद रहा था और शिक्षकों की सुरक्षा तथा ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की अदला-बदली कर वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। अब विभाग की पहल के बाद विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं, जबकि ग्रामीण लापरवाही के दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर कायम हैं।



