भारत

PM मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का मंत्र

नई दिल्ली- 29 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में संचार साथी प्लेटफार्म की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि इसके जरिए पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की संभावित साइबर धोखाधड़ी रोकने में मदद मिली है। इस प्लेटफार्म के माध्यम से देशभर में 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं के सपनों के सामने नशे की लत को बड़ी चुनौती बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण, खेल उपलब्धियों, संग्रहालयों, भारतीय कला, पारंपरिक उत्पादों और विदेशों में भारतीय समुदाय की सेवा पहलों का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 140वें एपिसोड में कहा कि यह समाज के हर वर्ग और देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसके माध्यम से समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में आज भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनकी आकांक्षाओं के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। उन्हें संतोष है कि देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी तेजी से चल रहा है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने नशे की लत से बाहर निकलने वाले दिल्ली के एक युवक से फोन पर बातचीत की। युवक ने बताया कि वह दिल्ली के सदर बाजार में रहता था। वहां आसपास के लोगों और स्कूल में बड़े विद्यार्थियों को नशा करते देखकर उसने दसवीं कक्षा में पहली बार नशा किया। शुरुआत में यह शौक था लेकिन धीरे-धीरे इसकी मात्रा बढ़ती गई और उसे इसकी लत लग गई। युवक ने बताया कि उसके पिता का बचपन में ही निधन हो गया था। बाद में मां और नानी की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद वह बेसहारा हो गया और सड़कों पर रहने लगा। उसने नशे से छुटकारा पाने के लिए दिल्ली के वसंत कुंज स्थित सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेज (एसपीवाईएम) के पुनर्वास केंद्र में उपचार कराया।

प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए बनाए गए डिजिटल प्लेटफार्म ‘आईगॉट कर्मयोगी’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ नया सीखने की कोई उम्र नहीं होती। देश में ऐसे लाखों सरकारी कर्मचारी हैं, जो 20-25 साल की सेवा के बाद भी नई चीजें सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं। इस प्लेटफार्म पर 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। एआई और नई तकनीक से संबंधित 200 से अधिक पाठ्यक्रमों को सवा तीन करोड़ से ज्यादा बार पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के अलावा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इस पहल से जुड़े हैं। आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और स्वच्छता कर्मचारी भी इस प्लेटफार्म के जरिए नई जानकारियां और कौशल सीख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने संचार साथी प्लेटफार्म के जरिए मोबाइल फोन की सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी रोकने में नागरिकों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन खोने पर उसमें मौजूद संपर्क नंबर, तस्वीरें और जरूरी दस्तावेजों को लेकर चिंता होती है। संचार साथी के जरिए खोए हुए फोन को वापस पाने की संभावना बढ़ी है। प्रत्येक मोबाइल फोन की एक विशिष्ट पहचान होती है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान संख्या (आईएमईआई) कहते हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही संचार साथी पोर्टल पर आईएमईआई नंबर और अन्य जरूरी जानकारी देकर फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम कार्ड डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। यदि कोई नया सिम डालकर नेटवर्क से जुड़ने की कोशिश करता है तो पुलिस के लिए फोन को ट्रैक करना आसान हो जाता है।

उन्होंने कहा कि संचार साथी पोर्टल पर अब तक 30 करोड़ से अधिक बार लोग आ चुके हैं और इसके ऐप को करीब तीन करोड़ बार डाउनलोड किया गया है। बैंक, भुगतान ऐप, दूरसंचार कंपनियों और पुलिस सहित 1,600 से अधिक संस्थाएं इस व्यवस्था से जुड़ी हैं। इस व्यवस्था के जरिए पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित साइबर धोखाधड़ी के नुकसान को रोका गया है। उन्होंने लोगों से संदिग्ध फोन कॉल और धोखाधड़ी वाले नंबरों की सूचना पोर्टल पर देने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने पुणे के हिमांशु सिंह और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर निवासी विवेक अल्हारी के प्रयासों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि हिमांशु ने संचार साथी पर 300 से अधिक संदिग्ध नंबरों की जानकारी दी, जिससे करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन बंद किए गए। इसी तरह विवेक ने 900 से अधिक धोखाधड़ी वाले नंबर साझा किए, जिनके आधार पर करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन बंद हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी संदिग्ध नंबर की सूचना देना किसी दूसरे परिवार की जीवनभर की जमा पूंजी को बचाने में मददगार हो सकता है। संचार साथी ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिहार संग्रहालय और गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर पुरातत्व संग्रहालय की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में बिहार संग्रहालय को नौवां स्थान मिला है और यह एशिया में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के मेट संग्रहालय से भी ऊपर है। उन्होंने लोगों से यात्रा के दौरान स्थानीय संग्रहालयों को देखने और बच्चों को भी वहां ले जाने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के वडनगर संग्रहालय में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान वहां विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों से जुड़ी अनेक वस्तुएं मिली थीं। संग्रहालय उसी स्थान पर विकसित किया गया है, जहां खुदाई हुई थी। यहां पांच हजार से अधिक प्राचीन वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। आगंतुकों के लिए ऐसा रास्ता बनाया गया है, जहां से वे जमीन के कई मीटर नीचे हुई खुदाई को देख सकते हैं। इस महीने वडनगर संग्रहालय को बर्लिन में डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ पुरस्कार मिला है। यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला संग्रहालय है। प्रधानमंत्री ने वडनगर और काशी के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया कि कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य ने वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ की पहचान दी है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय कला के वैश्विक मंच पर बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इटली के वेनिस में आयोजित प्रतिष्ठित वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत के मंडप को देखने करीब साढ़े चार लाख लोग पहुंचे। दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आए दर्शकों ने भारतीय मंडप को सर्वश्रेष्ठ चुना। उन्होंने कहा कि भारतीय कलाकारों ने पारंपरिक कला रूपों को नए अंदाज में प्रस्तुत कर वैश्विक दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।

प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिल रही पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के इरोड का जैविक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। इससे पारंपरिक स्वाद और गुणवत्ता को नए बाजार मिल रहे हैं। उन्होंने भारतीय चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में पिछले वर्ष करीब 25 फीसदी वृद्धि की जानकारी दी।

गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से चॉकलेट और अन्य उत्पाद तैयार किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अमूल स्थानीय ऊंट पालकों से दूध लेकर चॉकलेट और केसर के स्वाद वाला दूध तथा राजभोग आइसक्रीम जैसे उत्पाद बना रहा है। सरहद डेयरी में ऊंटनी के दूध का दैनिक संग्रह 2017-18 के 1,300 लीटर से बढ़कर 5,500 लीटर हो गया है। ऊंटनी के दूध को लंबे समय तक सुरक्षित रखने वाली पैकेजिंग में उपलब्ध कराने के साथ ही उसका पाउडर भी तैयार किया जा रहा है।

खेल और फिटनेस के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत शुरू की गई ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल के 100 संस्करण पूरे हो गए हैं। दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल का आयोजन हर रविवार किया गया है। इससे देशभर में 30 हजार से अधिक स्थानों पर 37 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने पुणे में 2032 की यूसीआई रोड विश्व चैंपियनशिप आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी।

प्रधानमंत्री ने भारतीय फुटबॉल टीम की रिकॉर्ड दसवीं सैफ चैंपियनशिप जीत की सराहना की। उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीतने तथा कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय बनने का उल्लेख किया। उन्होंने पीवी सिंधु की हाइलो ओपन में खिताबी जीत को भी भारतीय खेल जगत के लिए उपलब्धि बताया। आठवें खेलो इंडिया युवा खेल 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में आयोजित होंगे।

प्रधानमंत्री ने कनाडा में भारतीय समुदाय की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन क्षेत्रों में काम कर रहे ‘साई धाम फूड बैंक’ की जानकारी दी। इस पहल के जरिए हर महीने करीब 60 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत बुजुर्गों और दिव्यांगजनों तक भी भोजन पहुंचाया जाता है।

प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बी.एन. राव को भी याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान का प्रारूप तैयार करने में राव का योगदान ऐतिहासिक रहा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!