पटना- 20 मार्च। पटना जिले के मनेर थाना अन्तर्गत दरवेशपुर गांव के लक्की ईट-भट्ठे की दीवार सोमवार को गिर गयी। दीवार गिरने से आठ मजदूर घायल हो गए। इनमें से चार महिला मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई ।
लकी ईट भट्ठे में काम कर रहे मजदूर ने बताया कि काम के दौरान ईंट हटाने पर अचानक दीवार पलट गई। जिससे वहां काम कर रहे मजदूर उसमें दब गए। लगभग 8-10 मजदूर घटना में घायल होने की बात उसने बतायी। उसने बताया कि दीवार अचानक गिरने से काम कर रहे 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मरने वाली महिला मजदूरों में तीन झारखंड के गुमला की रहनेवाली हैं। जबकि एक महिला मजदूर गया की रहने वाली है। घटना में मौत हुए महिला मजदूरों में गया, मेहर की सीता कुमारी, झारखंड के गुमला जिले की घूर्णी देवी,सुगंती देवी और शीला देवी शामिल है।
मनेर थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल मजदूरों को इलाज के लिए लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ को निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
