
MADHUBANI:- वट सावित्री पर्व पर बांस के बने पंखों की जबरदस्त मांग,फलों की खुब हो रही बिक्री
मधुबनी- 14 मई। वट सावित्री व्रत को लेकर बाजार की चहल-पहल काफी बढ गई है। फल बाजार में आम, लीची, केला, संतरा, सेव आदि फलों की खुब बिक्री हो रही है। वट सावित्री व्रत 16 मई को मनाई जाएगी। इस दिन व्रती महिलाओं द्वारा वट-वृक्ष का पूजा-अर्चना के लिए बांस के बने पंखों (बेना) की जरूरत होती है। इसको लेकर शहर के बाटा चौक, शंकर चौक, महाराजगंज, और स्थानीय बाजारों में बांस के पंखों की विशेष दुकानें लगी हैं। बांस के बने पंखों की जबरदस्त मांग देखी जा रही है। साधारण बांस का पंखा 50 रुपये, जबकि मिथिला पेंटिंग वाले यूनिक बेना 150-250 रुपये की रेंज में बिक रहे हैं।
पं. ऋषिनाथ झा ने बताया कि वट सावित्री पूजा के लिए बांस का पंखा (बेना) फल, धूप, सिंदूर, कच्चा धागा, रोली सहित अन्य सामग्री की जरूरत होती है। व्रती वट वृक्ष का परिक्रमा कर अखंड सौभाग्य का वरदान मांगती हैं। सुहाग की लंबी उम्र की कामना के लिए किए जाने वाले इस व्रत में बांस के पंखे का विशेष धार्मिक महत्व है। महिलाएं वट वृक्ष की पूजा के बाद इसी पंखे से अपने पति को हवा करती हैं। मधुबनी में मिथिला पेंटिंग की कलाकृति वाले बांस के पंखों (बेना) का नया ट्रेंड है, जिसकी मांग बाजार में सबसे ज्यादा है।



