
MADHUBANI:- कपिलेश्वर में शिव शक्ति महायज्ञ के लिए तांत्रिक पद्धति से हुआ धर्म ध्वजा स्थापन अनुष्ठान
मधुबनी- 14 मई। रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्रस्तावित शिव शक्ति महायज्ञ के लिए तांत्रिक पद्धति के अनुसार गुरुवार को धर्म ध्वज स्थापन अनुष्ठान संपन्न किया गया। इससे पूर्व आचार्य चंद्रनाथ मिश्र निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धर्म ध्वजा का विधि-विधान से पूजन किया।

आचार्य चंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि शिव शक्ति महायज्ञ में संकल्प के लिए ध्वजा स्थापन यज्ञ की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है। ध्वजा विजय का प्रतीक है। यह प्रक्रिया दिव्य ऊर्जा और आस्था का संदेश देती है। ध्वजा फहराना भगवान शिव और माता शक्ति (शिव-शक्ति) को यज्ञ स्थल पर आमंत्रित करने का धार्मिक विधान है। यह ज्ञान द्वारा अज्ञानता और अहंकार पर विजयी की घोषणा करती है। धर्म की रक्षा और समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रतीक है। ध्वजा की छाया और वायु वातावरण को शुद्ध करता है। ध्वजा को ऊंचाई पर स्थापित करना यह दर्शाता है कि भक्त अपना अहंकार ईश्वर के चरणों में समर्पित कर रहा है। यह शिव-शक्ति के संतुलन शिव स्थिरता (चेतन) और शक्ति ऊर्जा (गति) के प्रतीक हैं। यज्ञ ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट के शरत चंद्र मिश्र ने बताया कि कपिलेश्वर स्थान परिसर में 9 दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ 19 से 27 जून तक आयोजित की जाएगी। महायज्ञ में कामरूप कामख्या के साधक आचार्य नीरज जी महाराज कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी शामिल होंगे।
मुख्य यजमान आचार्य सुधांशु शेखर मिश्र होंगें। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूजन, अभिषेक एवं पार्थिव शिवलिंग की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में शिव शक्ति महायज्ञ में भगवान शिव की आराधना के विभिन्न स्वरूपों का होगा। यज्ञ में शिव महापुराण कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी द्वारा किया जाएगा। महायज्ञ जन कल्याण के लिए बहुत ही लाभकारी है। यज्ञ से मोक्ष प्राप्ति की उपाय का मार्ग प्रशस्त होगा।
अनुष्ठान में गणेश कुमार उपाध्यक्ष,रोहित चौधरी,संजीव कुमार मिश्र,बाबा कपिलेश्वर मंदिर एवं धर्मशाला न्यास समिति के कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा,उपाध्यक्ष प्रभात रंजन,नागेंद्र कुमार चौरसिया,शशिशेखर पांडेय,जीवन राय,दिनेश यादव,सियाराम महतो,सोनू कुमार महतो,बबलू यादव,मगन ठाकुर,संतोष झा,सुभाष चंद्र मिश्र,संतोष यादव सहित अन्य ने हिस्सा लिया।



