
MADHUBANI:- महज दो धुर जमीन के लिए अधेड़ की बेरहमी से पिटाई, मौत
मधुबनी- 01 जुलाई। पंडौल थाना क्षेत्र में महज दो धुर जमीन के मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों ने मिलकर एक 55 वर्षीय अधेड़ की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने बीती रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के कमलपुर धोबी टोल निवासी राम लखन महतो के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के भतीजे रामबाबू महतो ने बताया कि उनका अपने पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर न्यायालय में मामला चल रहा है। इस केस में उनके चाचा राम लखन महतो मुख्य गवाह थे। विपक्षियों द्वारा लगातार उन पर केस में समझौता करने और गवाही वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था।
बुधवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार की रात पप्पू महतो, शिव नारायण महतो और त्रिभुवन महतो घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब राम लखन महतो ने अभद्र भाषा का विरोध किया, तो आरोपियों ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में राम लखन महतो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में घटना की सूचना पंडौल थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल को इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।



