
BIHAR:- कर्पूरीग्राम में नाबालिग से बदसलूकी: वायरल वीडियो पर समस्तीपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 मनचले 6 घंटे में गिरफ्तार
समस्तीपुर- 24 सितंबर। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, समस्तीपुर द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार, 23 सितंबर की संध्या सोशल मीडिया निगरानी के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें 3-4 व्यक्तियों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था।
तकनीकी सत्यापन में घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना अंतर्गत ग्राम जगतसिंहपुर स्थित बांध के पास सड़क के रूप में हुई। घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में दिख रही पीड़िता प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान स्थापित होने से पहले ही पुलिस पदाधिकारी के बयान पर भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में कर्पूरीग्राम थाना कांड दर्ज किया।
पुलिस ने सूचना मिलने के 6 घंटे के भीतर ही कांड में संलिप्त सभी 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी,अवधेश पासवान शामिल है। पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या मानसिक एवं सामाजिक क्षति पहुंचाने वाले पोस्ट, कंटेंट शेयर करने से बचें। ऐसा करना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।



