
बिहार
BIHAR:- सुल्तानगंज के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को मधुबनी में दी गयी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
मधुबनी- 29 अप्रैल। भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह उनके पैतृक निवास मधुबनी के गदियानी मौहल्ला पहुँचा,पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल अत्यंत गमगीन हो गया। मंगलवार शाम भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में अपराधियों ने गोली मार उनकी हत्या कर दी थी, वहीं नगर परिषद सभापति गंभीर जख्मी हो गये थे, जिनका ईलाज अस्पताल में चल रहा है।

बुधवार को मधुबनी जिला प्रशासन ने दिवंगत पदाधिकारी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। मधुबनी पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार,सदर एसडीएम चंदन झा और ट्रैफिक डीएसपी सुजित कुमार सहित कई वरीय अधिकारी ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा भेजी गई 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक मृतक की पत्नी को सौंपा। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मृतक पदाधिकारी अपने पीछे एक तीन वर्षीय पुत्र,महज आठ माह की पुत्री एवं पत्नी को छोड़ गए हैं। वहीं पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि इस कायराना हरकत को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों का एनकाउंटर किया जाए।

मालूम हो कि मंगलवार शाम भागलपुर जिला के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में खौफनाक मंजर देखने को मिला। नकाबपोश अपराधियों ने सभापति के चैंबर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की। कृष्ण भूषण कुमार को सिर में तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सभापति राजकुमार गुड्डू को भी दो गोलियां सिर और दिल में लगीं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है और उन्हें पटना रेफर किया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जहाँ एक तरफ पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है और इसी क्रम में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को 24 घंटे के भीतर 28 अप्रैल की अल सुबह एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ हथियार बरामदगी के दौरान भागलपुर बाइपास रोड पर हुई, जिसमें पुलिस पर हमले के बाद अपराधी को मार गिराया गया।



