
BIHAR:- आकाशीय बिजली से पिता-पुत्र सहित पांच की मौत
पटना/रोहतास। 01 सितंबर। बिहार में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। सासाराम जिले में चार और गया जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। सासाराम में मरने वालों में अकोढ़ीगोला निवासी पिता-पुत्र हैं। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
गया जिले के टनकुप्पा प्रखंड के द्वारका गांव में आज अकाशीय बिजली गिरने से किसान मुन्ना यादव (35) की मौत हो गई। सासाराम में नोखा के जालिम टोला के मदन सिंह (50) और उनका बेटा अमित कुमार (22) की मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों एक रिश्तेदार के दाह संस्कार से लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे छिप गए। दुर्भाग्य से उसी पेड़ पर ठनका गिरा और दोनों पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
चेनारी थाना क्षेत्र के बादलगढ के पास आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भरत चेरों (22) की मौत हो गई। नौहट्टा के सलमा गांव में मवेशी चरा रहे अमन कुमार (22) की वज्रपात से मौत हो गई। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर आकाशीय बिजली से कई लोगों के झुलसने की भी सूचना है। सभी का अलग-अलग निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार 31 अगस्त को भी चार जिलों में ठनका गिरा था, जिससे सात लोगों की मौत हो गयी थी। गया जिले में तीन, रोहतास में दो, औरंगाबाद और कैमूर में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई थी।



