
BIHAR:- मधुबनी में गम्हार पेड़ की चोरी, जुलाई में आवेदन के बाद भी अब तक नहीं हुई कार्रवाई
मधुबनी- 19 सितंबर। नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर भौआड़ा में निजी जमीन पर गम्हार के पेड़ की चोरी के मामले में पीड़ित दो महीने से थाने का चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पृथ्वी नारायण झा ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई 2026 को ही नगर थाना में आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने छोटू मियां और प्रेम मोहन झा सहित 4-5 अज्ञात लोगों पर पेड़ काटने का आरोप लगाया था।
आवेदन के अनुसार घटना 22 जुलाई को दोपहर करीब 4 बजे की है। जब पीड़ित बगीचा देखने गए तो आरोपी उनके खेत में लगे गम्हार के पेड़ को कुल्हाड़ी से काटकर टुकड़े कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर दौड़ा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि पंचायती बुलाई गई लेकिन आरोपी पंचायती मानने को तैयार नहीं हैं और अब कटी हुई लकड़ी को लेकर चला गया। इस संबंध में पीड़ित ने जुलाई में ही थानाध्यक्ष को गवाहों के नाम के साथ लिखित शिकायत दी थी, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी न तो लकड़ी बरामद हुई और न ही आरोपियों पर कोई कार्रवाई हुई।
पीड़ित ने अब वरीय अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कानूनी कार्रवाई और लकड़ी बरामद करने की मांग की है।



