
पटना में पूर्व पार्षद पर फायरिंग, अपार्टमेंट के ऑफिस में घुसकर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां
पटना- 23 सितंबर।.राजधानी पटना में अपराधियों ने बुधवार शाम गोलीबारी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम में दो अपराधियों ने अपार्टमेंट के बेसमेंट स्थित ऑफिस में बैठे पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अनिल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि अनिल यादव वार्ड नंबर 24 की वर्तमान पार्षद ज्ञानवती देवी के पति हैं और खुद भी पूर्व में वार्ड पार्षद रह चुके हैं।
जानकारी के अनुसार अनिल यादव अपार्टमेंट के बेसमेंट में अपने ऑफिस में बैठे थे। इसी दौरान दो अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। वारदात को अंजाम देकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बुद्ध कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।



