
MADHUBANI:- गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ विदा हुए बप्पा, गंगासागर में हुआ विसर्जन
मधुबनी- 19 सितंबर। स्थानीय लोहापट्टी स्थित श्रीश्री 108 गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव का समापन शनिवार को भव्य विसर्जन के साथ हो गया। विशाल गणपति प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पूरा शहर “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के नारों से गूंज उठा। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़े और बाजे-गाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हुए जमकर थिरके। यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। विशाल गणपति की प्रतिमा दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए विसर्जन यात्रा काली मंदिर स्थित गंगासागर तालाब पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ बप्पा की प्रतिमा को जल में प्रवाहित किया गया। पांच दिनों तक चले इस पूजनोत्सव में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समिति की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।



