
MADHUBANI:- जयनगर में बुजुर्ग के मकान पर कब्जा करने और रंगदारी मांगने के आरोप में 3 गिरफ्तार
मधुबनी- 09 सितंबर। जयनगर शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या-07 आर्य कुमार पुस्तकालय रोड में एक बुजुर्ग के मकान पर कब्जे की नीयत से ताला लगाने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़ित बुजुर्ग प्रमोद अग्रवाल बीते सोमवार को अपने घर में ताला लगाकर नेपाल गए थे। जब वे वापस लौटे तो उनके 14 वर्ष पुराने आवासीय मकान का ताला टूटा हुआ मिला और उस पर आरोपियों ने अपना दूसरा ताला जड़ दिया था। पीड़ित की शिकायत पर जयनगर थाना कांड संख्या-458/26 दर्ज किया गया।

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकर ने बताया कि प्रमोद अग्रवाल की पत्नी के देहांत के बाद और परिजनों के बाहर नौकरी करने के कारण वे अक्सर घर से बाहर रहते थे। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों और भू-माफियाओं ने एक फर्जी दावेदार खड़ा कर दिया। आरोपियों ने मकान पर कब्जे की नीयत से बुजुर्ग से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी, और इनकार करने पर मुख्य गेट में ताला जड़ दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों जयनगर के रवि राम, लदनिया थाना क्षेत्र के पद्मा गांव निवासी उमाकांत यादव और रंजन कुमार को रंगे हाथ दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह क्षेत्र में बुजुर्ग और कमजोर लोगों की संपत्तियों का फर्जी दावेदार बनाकर अवैध कब्जे और रंगदारी का गिरोह चलाता है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
रिर्पोट- अशोक कुमार



