
हेल्थ
बिहार में चिकित्सा शिक्षकों और रेजिडेंट डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी, 01 सितंबर से लागू: मंत्री
पटना – 09 सितंबर। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों में संविदा पर कार्यरत प्राध्यापक, सह प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर एवं जूनियर रेजिडेंट के मानदेय में बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने वृद्धि का निर्णय लिया है। उक्त जानकारी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
उन्होंने बताया कि नई दर के अनुसार प्राध्यापक को 2.07 लाख, सह-प्राध्यापक को 1.55 लाख, सहायक प्राध्यापक को 1.25 लाख, सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर को 1.15 लाख और जूनियर रेजिडेंट को 75 हजार प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारे चिकित्सा शिक्षक और रेजिडेंट डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान और प्रोत्साहन देना हमारी प्राथमिकता है।



