
बिहार के छात्रों के सीधे सवाल का जवाब क्यों नहीं दे रही भाजपा सरकार: राहुल गांधी
दिल्ली- 26 अगस्त। कांग्रेस के नेता सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार के छात्रों का सवाल बहुत सीधा और जायज है। भर्ती परीक्षाओं में आखिर गड़बड़ी क्यों हो रही है। पेपर लीक के बार-बार लग रहे आरोपों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती? और युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ आखिर कब तक चलता रहेगा। सोशल मीडिया के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि BPSC की परीक्षाओं का विवाद नया नहीं है। यह वर्षों से चला आ रहा सिस्टम का फेल्योर है। छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में देरी, परीक्षा पैटर्न में लगातार बदलाव और पारदर्शिता की कमी को लेकर सड़कों पर हैं। वह कोई उपद्रव नहीं कर रहे, वे अपना हक मांग रहे हैं। लेकिन जवाबदेही तय करने के बजाय सरकार कर क्या रही है? वह छात्रों पर लाठीचार्ज करा रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर वॉटर कैनन चला रही है।
सवाल पूछने वालों को हिरासत में डाल रही है। सीवान में तो हद ही हो गई, जहां प्रदर्शनकारियों पर AK-47 से गोलीबारी तक की घटना सामने आई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सिर्फ पुलिस की बर्बरता का मामला नहीं है। यह सीधे-सीधे BJP सरकार की मानसिकता का सवाल है, जो हर मोर्चे पर फेल है। जिसके पास न छात्रों के सवालों का जवाब है, न पेपर लीक रोकने का रोडमैप। इसलिए वह पुलिस को अपना हथियार बनाकर जवाबदेही से बचना चाहती है। BJP सरकार यह समझ ले कि लाठी मारकर आप सवालों को नहीं रोक सकते। युवाओं को डराकर आप उनका भविष्य नहीं छीन सकते। बिहार के छात्र झुकेंगे नहीं। वे सवाल पूछते रहेंगे, लड़ते रहेंगे। और अब उन्हें कोरा जवाब नहीं, पूरी जवाबदेही चाहिए।


