
मधुबनी में 24 अगस्त से 5 दिवसीय झूलनोत्सव की धूम, मठ-मंदिरों में चहल-पहल, सजेंगे राधा-कृष्ण के दिव्य झूले
मधुबनी, 24 अगस्त। सावन के अंतिम पड़ाव पर मधुबनी एक बार फिर भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। 24 अगस्त सोमवार की शाम से शहर के गंगासागर निधि चौक रामजानकी ठाकुरबाडी, मंहतीलाल मंदिर, हनुमान प्रेम मंदिर सहित अन्य मठ-मंदिरों पर 5 दिवसीय झूलनोत्सव महोत्सव की धूम शुरू होगी। यह मिथिला में कृष्ण भक्ति को दर्शाती हैं।मठ-मंदिरों पर भगवान के झूले को फूलों, आम की टहनियों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा दिया गया है। मठ-मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।
सोमवार शाम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण को गर्भगृह से निकालकर विशेष रूप से तैयार किए गए फूलों वाले झूले पर विराजमान किया जाएगा। इसके साथ ही 5 दिनों तक चलने वाले इस भक्ति उत्सव का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।
महंत रत्नेश्वर दास ने बताया कि शहर की सभी प्रमुख ठाकुरबाड़ियों में आरती के बाद भगवान के दर्शन के लिए पट खोल दिए जाएंगे। भक्त बारी-बारी से राधा-कृष्ण को झूला झुला सकेंगे। देर शाम मठ-मंदिरों पर कलाकार राधा-कृष्ण के भजनों से समां बांधेंगे। रात्रि में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
ज्योतिषाचार्य ऋषिनाथ झा बताते हैं कि मान्यता है कि इस दौरान झूला झुलाने से दांपत्य सुख और मनोकामना पूरी होती है। झूलनोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को मंदिरों के आसपास भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। अनुमान है कि सोमवार शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी, जो 28 अगस्त तक जारी रहेगी।



