
MADHUBANI:- लालमणि मेमोरियल का मिथिला पेंटिंग प्रशिक्षण शुरू, मेयर बोले- यह हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग
मधुबनी- 19 अगस्त। लालमणि मेमोरियल संस्थान द्वारा नवटोली स्थित मिथिला पेंटिंग के कलाकारों के लिए 30 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम मेयर अरुण राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर ने कहा कि मिथिला पेंटिंग सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यह हमारी संस्कृति और सभ्यता से गहराई से जुड़ी हुई है।पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारे साथ चलती आ रही है। एक मैथिल होने के नाते हमें अपनी इस समृद्ध कला और परंपरा की जानकारी होनी चाहिए। आज देश-दुनिया में मिथिला पेंटिंग को लेकर बढ़ती जिज्ञासा और उत्साह इस कला से जुड़े कलाकारों के बेहतर भविष्य निर्माण का आकर्षक अवसर है।
उन्होंने कहा कि मिथिला पेंटिंग को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है। ऐसे में इस क्षेत्र के नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण के साथ-साथ उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। मेयर ने भरोसा दिलाया कि वे लालमणि मेमोरियल संस्थान से प्रशिक्षित कलाकारों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। जहां भी अवसर मिलेगा इन कलाकारों को आगे बढ़ाने और उनके लिए रोजगार एवं बेहतर जीवन की संभावनाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
संस्थान के सचिव जितेंद्र मोहन झा ने मेयर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यशाला में पहुंचकर नवोदित कलाकारों का उत्साहवर्धन करने से प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ा है। प्रतिभागियों को मिथिला पेंटिंग की पारंपरिक शैली, तकनीक एवं बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। संस्थान के कोषाध्यक्ष मंगल राय ने मिथिला की परंपरा के अनुरूप मेयर अरुण राय का पाग एवं दोपट्टा पहनाकर स्वागत किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रशिक्षक शमां परवीन, अजमतुन्निशा सहित संस्थान के अन्य सदस्य एवं नवोदित कलाकार उपस्थित थे।



