
MADHUBANI;- नगर थाना में पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में मुकरमपुर का युवक गिरफ्तार
मधुबनी- 02 जून। नगर थाना परिसर में पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार,मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकरी थाना क्षेत्र के मुकरमपुर निवासी शैलेंद्र कुमार के पुत्र कमल चौहान के रूप में हुई है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम कमल चौहान थाना परिसर में आया था। आरोप है कि उसने वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ रंगदारीपूर्ण व्यवहार करते हुए अचानक मारपीट शुरू कर दी। इस उपद्रव के दौरान उसने न केवल सरकारी कामकाज में व्यवधान डाला, बल्कि थाना परिसर में रखे कई सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के तुरंत बाद मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। मामले को लेकर नगर थाना में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने,पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



